कोटद्वार के कालागढ़ के एक क्वारंटीन सेंटर में लोगों की जांच के लिए पहुंची महिला डॉक्टर के साथ दो लोगों ने अभद्रता की। महिला डॉक्टर ने दो लोगों के खिलाफ कालागढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
कालागढ़ के उपनिरीक्षक रियाज अहमद ने बताया कि आरोपी एक व्यक्ति 24 मई को बिजनौर से और महिला निवासी कालागढ़ 24 मई को दिल्ली से कालागढ़ आए थे। रेड जोन से आने के कारण उन्हें क्वारंटीन सेंटर में रखा गया।
सोमवार सुबह एक चिकित्साधिकारी क्वारंटीन सेंटर में लोगों के स्वास्थ्य जांच के लिए गई थीं। तभी एक व्यक्ति और महिला ने स्वास्थ्य जांच में व्यवधान उत्पन्न करते हुए डॉक्टर से अभद्रता की। डॉक्टर ने थाने में दोनों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।