वीडियो कांफ्रेंसिंग से बात करते लोस अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
विधायी कार्यों में विधानसभा की समितियों का बहुत महत्व है। इसलिए इन समितियों की बैठक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हों। कोविड 19 और लॉकडाउन से उत्पन्न हालातों में लोगों को मदद और राहत देने के लिए विधानसभाओं में कंट्रोल रूम स्थापित किए जा सकते हैं। यह सुझाव मंगलवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दिए।
लोस अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों और विधान परिषदों के सभापतियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से भी राज्य में कोविड 19 और लॉकडाउन से उत्पन्न हालातों से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी ली।
स्पीकर ने उन्हें बताया कि राज्य सरकार ने दो कदम आगे बढ़कर तैयारी की है। विधायिका ने भी इसमें पूरा सहयोग दिया है। विधायक निधि और वेतन भत्तों की कटौती कर सहयोग दे रहे हैं। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ने विधायिकाओं के क्रिया कलाप, 2020 में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रम, सीपीए संघ क्षेत्र के चार जोन के 2020 में कार्यक्रम, अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन के शताब्दी वर्ष और 80वें सम्मेलन आदि विषय पर चर्चा की।
उन्होंने सभी राज्यों की विधानसभाओं में गठित समितियों की बैठक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करवाने का सुझाव देते हुए कहा कि विधायी कार्य महत्वपूर्ण है। लॉकडाउन की स्थिति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विचार-विमर्श होना चाहिए। लोस अध्यक्ष ने सभी विस सदस्यों से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने का आग्रह किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुबह 11 बजे से शुरू होकर करीब साढ़े चार घंटे बाद समाप्त हुई।
विधानसभा में बनेगा कंट्रोल रूम
स्पीकर प्रेम चंद्र अग्रवाल ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष के सुझाव पर उत्तराखंड विधानसभा में कंट्रोल रूम स्थापित होगा। जो 23 अप्रैल से कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि वीडियो कॉन्फेंसिंग में लोस अध्यक्ष ने राज्यों की विधानसभाओं में कोरोना संक्रमण से निपटने एवं राहत कार्यों के संबंध में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों की विधानसभा में स्थापित कंट्रोल रूम आपस में सामंजस्य स्थापित कर एवं लोकसभा से संपर्क कर कोरोना जंग को लड़ने में अपनी भूमिका अदा कर सकते हैं। अग्रवाल ने बताया कि उनके सुझाव पर ही कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है।