कोरोना मुक्त जिला घोषित होने में ऊधमसिंह नगर और अल्मोड़ा जिला कुछ कदम दूर है। पिछले 24 दिनों से इस जनपद में कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं अल्मोड़ा में 22 दिनों से कोई मामला नहीं आया है। 28 दिन पूरे होने के बाद ऊधमसिंह नगर और अल्मोड़ा ग्रीन जोन में शामिल हो जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार ऊधमसिंह नगर जनपद में कोरोना संक्रमित के चार मामले सामने आए हैं। चारों मरीज ठीक चुके हैं, तीन अप्रैल के बाद से ऊधमसिंह नगर में कोरोना संक्रमण का कोई मरीज नहीं मिला है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की गाइडलाइन के अनुसार यदि लगातार 28 दिन तक कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिलता है, तो उस जिले को कोरोना मुक्त यानी ग्रीन जोन घोषित किया जाएगा। अभी तक ऊधमसिंह नगर ऑरेंज जोन में है।
अल्मोड़ा जनपद में भी कोरोना संक्रमण का सिर्फ एक संक्रमित मिला था, जो ठीक हो चुका है। पांच अप्रैल से अल्मोड़ा में भी कोई संक्रमित नहीं मिला है। अपर सचिव युगल किशोर पंत का कहना है कि ऊधमसिंह नगर और अल्मोड़ा जनपद जल्द ही कोरोना मुक्त जिला घोषित हो सकते हैं। दोनों जनपदों से संक्रमित मरीज ठीक हो गए हैं। वर्तमान में यहां कोई मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं है।