उत्तराखंड प्रदेश की साढ़े सात हजार से अधिक ग्राम पंचायतों के जरिए बेरोजगार युवाओं और प्रवासियों को स्वरोजगार से जोड़ने की मुहिम पंचायत जनाधिकार मंच ने शुरू की है। मंच के संस्थापक संयोजक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि मंच ने इस मुहिम की शुरूआत के लिए पर्वतारोही बछेंद्री पाल के जन्मदिन को चुना। 24 मई को पर्वतारोही का जन्मदिन है।
बछेंद्री पाल ने अपनी मेेहनत के दम पर अपने लिए रास्ता बनाया। कोविड -19 के संकट के कारण लॉकडाउन से कई युवाओं के सामने रोजगार का संकट है। ऐसे में युवाओं को स्वरोजगार की मुहिम से ही जोड़ा जाना जरूरी है। बिष्ट ने कहा कि इस मुहिम में पंचायतों का सहयोग तो लिया ही जाएगा। साथ में सरकार अगर किसी तरह का सहयोग मांगती है तो वह भी दिया जाएगा। यह पंचायतों की मुहिम है।
पहले चरण का एप किया जारी...
जोत सिंह बिष्ट ने पंचायतों की इस मुहिम के पहले चरण के तहत एप जारी किया। उन्होंने बताया कि इसके जरिये अधिक से अधिक युवाओं से संपर्क कर जानकारी जुटाई जाएगी। मंच की कोशिश होगी कि स्वरोजगार के लिए ही उन्हें प्रेरित किया जाए।
स्वरोजगार की जानकारी भी उपलब्ध कराएगा मंच
बताया गया कि मंच की ओर से विषय विशेषज्ञों से राय लेकर प्रदेश में स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसकी रिपोर्ट तैयार करने का काम भी शुरू हो चुका है। यह जानकारी युवाओं से साझा की जाएगी। दूसरे चरण में मंच अलग-अलग स्थानों में कार्यशालाएं भी आयोजित करेगा।