लॉकडाउन के चलते जन कल्याणकारी योजनाओं पर बुरा असर पड़ने लगा है। समाज कल्याण विभाग में कई योजनाओं का काम अधर में पड़ा है। इन योजनाओं में अधिकांश ऐसी योजनाएं हैं जिनका विभाग को भौतिक सत्यापन या निरीक्षण करना था।
एक सप्ताह पहले कार्यालय तो खुल गए हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए विभागीय अधिकारियों का मौके पर जाना संभव नहीं हो पा रहा है। विभाग को यह भी डर सता रहा है कि अगर स्थिति लंबे समय तक नहीं सुधरी तो योजनाओं के क्रियान्वयन पर बुरा असर पड़ेगा। इससे लाभार्थियों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी हेमलता पांडेय ने बताया कि लॉकडाउन के कारण कई योजनाओं में आवेदनों के सत्यापन का कार्य नहीं हो पाया, जिससे आगे की कार्यवाही में दिक्कत आ रही है।
पीएम आदर्श ग्राम योजना
पीएम आदर्श ग्राम योजना में जिले के 17 गांवों का चयन हुआ है। गांवों का दूसरे चरण का सर्वे हो चुका है। इसमें गांवों में जरूरी बुनियादी जरूरतों को देखा गया। अब विभाग को गांवों के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करानी थी और विकास का प्लान तैयार करना था।
इस प्लान के अनुसार ही विभाग को विकास कार्य शुरू करने थे। उससे मजदूरों को भी रोजगार मिलता, लेकिन विभाग वायरस संक्रमण के डर से अभी की जोखिम नहीं लेना चाहता।