एक व्यक्ति कपड़े की दुकान की आड़ में वहां ठेका चला रहा था। दुकान पर कपड़े की बिक्री के साथ ही शराब भी परोसी जा रही थी। लेकिन अचानक इस तरह से सारी पोल खुल गई।
सूचना मिलने पर आबकारी विभाग की गढ़वाल मंडल की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार रात शहर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार में कपड़े की एक दुकान में छापा मारकर अंग्रेजी शराब का अवैध कारोबार पकड़ा। छापे में अंग्रेजी शराब की एक पेटी और 16 बोतलें बरामद की गई हैं।
आबकारी विभाग की गढ़वाल मंडल की प्रवर्तन टीम की प्रभारी/ सहायक आयुक्त मीनाक्षी टम्टा के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर मच्छी बाजार की कपड़े की दुकान में छापा मारा गया था।
कार्रवाई के दौरान आरोपी शराब की एक दुकान में हिस्सेदार होने की बात कहकर अफसरों से भिड़ गया। हालांकि आबकारी टीम ने उसकी एक न सुनी और शराब जब्त कर ली। आबकारी टीम इस बात का पता लगा रही है कि आखिरकार आरोपी किस दुकान से शराब लाया था और उसके दावों में कितनी सच्चाई है।