श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए काउंसिलिंग के पहले दिन 146 छात्रों ने प्रवेश लिया। विवि की ओर से जारी पहली मेरिट सूची में करीब 450 छात्र शामिल हैं।
बिड़ला परिसर में बीए प्रथम सेमेस्टर के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई। प्रवेश समिति संयोजक प्रो. वाईएस फर्स्वाण ने बताया कि बीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 1017 छात्रों ने आवेदन किया है। इसमें 667 ऑफलाइन और 350 ऑनलाइन आवेदन शामिल हैं। प्रो. फर्स्वाण ने बताया कि बीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए जारी पहली सूची में करीब 450 छात्र शामिल हैं। पहली सूची की कट ऑफ सामान्य वर्ग के लिए 60 और आरक्षित के लिए 40 प्रतिशत है। पहली सूची की काउंसिलिंग 27 जुलाई तक चलेगी। 28 जुलाई से दूसरी सूची की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। प्रवेश समिति में डा. गुड्डी बिष्ट, डा. महावीर नेगी, डा. ज्योति तिवारी, डा. जेपी भट्ट, डा. एसएस बिष्ट आदि शामिल हैं।