दीपावली के मौके पर उत्तर मध्य रेलवे की ओर से प्रयागराज से देहरादून के बीच संचालित लिंक एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार को देहरादून लाने के बजाए लक्सर जंक्शन से रवाना किया गया। लिंक एक्सप्रेस से लक्सर पहुंचे यात्रियों को रोडवेज की बसों से हरिद्वार और देहरादून भेजा गया। हालांकि ये इंतजाम नाकाफी दिखे और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उत्तर मध्य रेलवे की ओर से प्रयागराज से देहरादून के बीच लिंक एक्सप्रेस के संचालन को फिलहाल एक माह के लिए शुरू किया गया है। लिंक एक्सप्रेस को एक दिन पूर्व प्रयागराज के लिए रवाना भी कर दिया गया। लेकिन ट्रेन जैसे ही लक्सर जंक्शन पर पहुंची तो ट्रेन वहीं रोक दी गई। बाद में यहीं से प्रयागराज के लिए रवाना किया गया।
हालांकि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा के आदेशों के मुताबिक रोडवेज की चार बसें मंगाकर देहरादून के 62 यात्रियों को दो बसों से देहरादून पहुंचाया गया। हरिद्वार के 59 यात्रियों को दो बसों में बिठाकर हरिद्वार पहुंचाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि लक्सर और हरिद्वार के बीच निर्माणाधीन आरओबी के चलते ब्लॉक लिए जाने की वजह से देहरादून और हरिद्वार से विभिन्न स्थानों की जाने वाली ट्रेनों को फिलहाल दो दिन के लिए स्थगित किया गया है।
इनमें देहरादून नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, देहरादून-प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस, देहरादून-मसूरी एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम जनशताब्दी एक्सप्रेस, हरिद्वार मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों के मुताबिक निर्माणाधीन आरओबी का काम फिलहाल शुक्रवार को पूरा कर लिया जाएगा और ट्रेनों का संचालन शनिवार से शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें, दीपावली के मद्देनजर उत्तर मध्य रेलवे की ओर से प्रयागराज देहरादून लिंक एक्सप्रेस का संचालन फिलहाल एक माह के लिए शुरू किया गया है। लिंक एक्सप्रेस प्रयागराज से देहरादून के बीच हफ्ते में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित की जाएगी। देहरादून से प्रयागराज के लिए इसका संचालन मंगलवार, बुधवार और शनिवार को किया जाएगा।