करंट लगने के बाद पोल पर लटका श्रमिक।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर/सहसपुर। यूजेेवीएनएल लिमिटेड की 11 केवी लाइन में आए फाल्ट को दूर करने के दौरान लाइनमैन (ठेका कर्मी) करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। वह करीब पौन घंटे तक खंभे और लाइन से उल्टा लटका रहा। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने सीढी की मदद से बुरी तरह झुलसे लाइनमैन को नीचे उतारा प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसा कैसे और क्यों हुआ इसे लेकर निगम प्रबंधन ने जांच बैठा दी है।
महाप्रबंधक(यमुना वैली) विपिन बिहारी ने कहा कि पूरी प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम की ओर से लाइनमैन की हर संभव मदद की जाएगी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मटक माजरी ईदगाह के समीप लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने के लिए निगम द्वारा शटडाउन लिया गया था। लाइनमैन धर्म सिंह (38) निवासी जाटोवाला बेहट सहारनपुर बिजली के पोल पर चढ़े हुए थे। इस बीच अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। उन्हें करंट लगा और वे खंभे और लाइन के सहारे उल्टे लटक गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनके सहकर्मी वहां से भाग निकले। निकट स्थित एक रिजॉर्ट में आए लोगों की नजर लाइन से लटके कर्मचारी पर पड़ी। उन्होंने यह बात रिजॉर्ट स्वामी नदीम राणा और प्रधान मोहम्मद सलीम को दी। वे रिजॉर्ट के कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर चौकी प्रभारी कुल्हाल पंकज कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों के सहयोग से बुरी तरह झुलसे लाइनमैन को नीचे उतरा और अस्पताल भिजवाया। चौकी प्रभारी ने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।