जंगली जानवरों के भय से पहाड़ों से हो रहा पलायन चिंताजनक है। ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजाम न होने तक गांव छोड़ने के निर्णय ले रहे हैं।
श्रीनगर गढ़वाल के खंडाह के समीपवर्ती गांव कोटी और नयालगढ़ में गुलदार की दहशत लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों का जीवन भय और असुरक्षा के साये में बीत रहा है। स्थिति यह है कि गुलदार के डर से कोटी गांव का एक परिवार गांव छोड़कर श्रीनगर पहुंच चुका है, जबकि दो अन्य परिवार भी घर छोड़ने की तैयारी में हैं। इससे गांव में रह रहे लोगों में निराशा और असुरक्षा की भावना और गहरा रही है।
स्कूली बच्चों को हो रही हैं दिक्कतें
कोटी ग्राम सभा के स्कूली बच्चों को गुलदार के भय से स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतें हो रही हैं। लोगों का कहना है कि कोटी ग्राम सभा एक बड़े क्षेत्र में फैली हुई है। यहां से बच्चे इंटर कॉलेज ढामकेश्वर, राइंका खंडाह व राइंका जामणाखाल जाते हैं। इन स्कूलों की दूरी करीब ढाई से पांच किमी. तक है। ऐसे में पैदल आवाजाही के दौरान उनके लिए खतरा बना हुआ है। वन विभाग तत्काल क्षेत्र में सक्रिय गुलदार से निजात दिलाए।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड में भालू की दहशत: मोरी में तोड़े कई घरों और छानियों के दरवाजे, लोगों ने भय के साये काटी पूरी रात
कोटी कमेड़ा के पास लोगों से गुलदार दिखाई देने की सूचना मिली है। जिस पर उक्त स्थान पर टीम भेजी गई है। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए गए हैं। साथ ही टीमें गश्त कर रही हैं। टीम में शूटर भी तैनात हैं।- दिनेश नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी।