पजिटीलानी से जिसऊ गांव के बीच स्थित लूनियाधार क्षेत्र में सोमवार सुबह दिनदहाड़े गुलदार दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुलदार की चहलकदमी का वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट हो गया है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही, वन विभाग ने वायरल वीडियो की पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कुछ ग्रामीणों ने लूनियाधार क्षेत्र में एक गुलदार को घूमते हुए देखा। दिन के उजाले में गुलदार को देखकर लोग सहम गए और तुरंत इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों और वन विभाग को दी। दावा किया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से गुलदार का वीडियो और तस्वीरें भी कैद कर लीं, जो अब सोशल साइट्स पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
रात में भी दिख चुका है गुलदार
ग्राम जिसऊ निवासी केदार शर्मा, वनील शर्मा, नरेंद्र शर्मा और सुनील शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र में इससे पहले भी कई बार रात के समय सड़क पर गुलदार दिखाई दे चुका है। हालांकि, दिन के समय गुलदार का इस तरह खुलेआम घूमना पहली बार देखा गया है। दिन में गुलदार की धमक से लोग अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों की सूचना के बाद क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया पर अपलोड किए जा रहे गुलदार के वीडियो और तस्वीरों का तकनीकी परीक्षण भी कराया जा रहा है, ताकि उनकी सत्यता की पुष्टि हो सके। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है। - वैभव कुमार सिंह, डीएफओ, चकराता वन प्रभाग