देवप्रयाग के भरपूर पट्टी के सजवाण कांडा गांव में गुलदार 10 वर्षीय बालिका को घर के पास से उठा ले गया। घर से लगभग 500 मीटर दूर क्षत-विक्षत अवस्था में बालिका का शव मिला है। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की है।
सजवाण कांडा गांव के विशंबर सिंह की सबसे बड़ी पुत्री सोनम मंगलवार शाम करीब सात बजे जोल्याबोड़ तोक दूध लेने गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
घर से करीब 20 मीटर दूर उसकी चप्पल और दूध का बर्तन गिरा हुआ मिला। जमीन पर खून देखकर लोगों ने उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए वन विभाग और पुलिस को इसकी सूचना दी।