टिहरी जिले में गुलदार और मानव के बीच संघर्ष की घटनाएं बढ़ती जा रही है। पिछले दो सालों में गुलदार तीन लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। जबकि छह लोग गुलदार के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए है। वन विभाग को इस अवधि में दो गुलदार पिंजरे में कैद करने में सफलता भी मिली है। जबकि एक नरभक्षी गुलदार को मार गिराना पड़ा।
प्रतापनगर के खोलगढ़ तल्ला में फरवरी 2018 में गुलदार ने एक व्यक्ति को निवाला बनाया था। उसके कुछ दिन बाद भिलंगना ब्लॉक के बजिंगा गांव में गुलदार ने दो लोगों पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। अप्रैल 2018 में प्रतापनगर के खोलगढ़ में गुलदार ने एक व्यक्ति को गंभीर घायल किया था।
इस घटना कुछ दिन बाद थौलधार ब्लॉक के इरवाली गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को निवाला बनाया। मई 2018 जाखणीधार ब्लॉक के कस्तल में गुलदार ने एक व्यक्ति को निवाला बनाया। अगस्त माह में नरेंद्रनगर ब्लॉक के देंदेली-पोखरी में गुलदार के हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ। अक्तूबर माह में भिलंगना ब्लॉक के विशन-थाती गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को गंभीर घायल किया था।
वर्ष 2019 में मानव-गुलदार संघर्ष की जिले में कोई घटना नहीं हुई। जबकि इस वर्ष एक अगस्त भिलंगना ब्लॉक के सिरपोली गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया। बीती शाम को प्रतापनगर देवल गांव में एक बालिका को गुलदार ने शिकार बना डाला।