भेल के सेक्टर चार के पास एक युवक को गुलदार ने मार डाला। भेल से सटे जंगल से युवक का शव बरामद हो गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। सुभाष नगर निवासी राजेंद्र ठाकुर भेल सेक्टर 4 में नदी के किनारे सैलून चलाते हैं।
शनिवार शाम चार बजे राजेंद्र लघुशंका के लिए नदी के किनारे गए थे। इसी बीच वहां पहुंचे गुलदार ने उनपर हमला बोल दिया और उन्हें खींचकर जंगल में ले गया। इस घटना की किसी को भी जानकारी नहीं लग सकी।
काफी देर तक जब राजेंद्र नहीं लौटे तो सैलून पर बैठे लोगों ने आसपास के लोगों से उनके बारे में पूछाए लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इस पर लोग उन्हें ढूंढते हुए नदी किनारे पहुंचे तो खून पड़ा दिखा।
इस पर अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। नदी किनारे शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन जंगल तक पहुंच गयाए रेस्क्यू टीम उनकी तलाश में घंटों जुटी रही।
इसी दौरान रात करीब 10 बजे घने जंगल में झाड़ियों के बीच खून से लथपथ राजेंद्र का शव बरामद हो गया। मौका.मुआयना करने के बाद रेस्क्यू टीम ने बताया कि जो स्थिति है उसके मुताबिक राजेंद्र को गुलदार ने ही अपना शिकार बनाया है। कोतवाली रानीपुर प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।