गढ़वाल मंडल में उत्तरकाशी जिले के अठाली क्षेत्र में दो दिनों तक दहशत का पर्याय बना रहा गुलदार बुधवार रात को अस्तल गांव में खच्चरों का शिकार हो गया। गुलदार के मारे जाने पर ग्रामीणों ने चैन की सांस ली। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह मादा गुलदार काफी समय से बीमार और भूखा था।
बीते मंगलवार को गुलदार ने अठाली गांव में छानी से लौट रहे एक महिला और एक पुरुष को घायल कर दिया था। अगले ही दिन गुलदार ने अठाली पुल के पास एक खच्चर वाले को घायल कर दिया था।
बुधवार शाम को ही यह गुलदार रनाड़ी होते हुए अस्तल पहुंचा। देर शाम गुलदार अस्तल गांव में महावीर रजवार के घर के आंगन में धमक गया। परिवार के लोगों ने किसी तरह घर में दुबक कर जान बचाई।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए, तो गुलदार घर के पास बने महावीर के खच्चरों के बाड़े में जा घुसा, जहां खच्चर की लात सिर पर लगने से गुलदार की मौके पर ही मौत हो गई। रेंजर अतोल सिंह परमार मौके पर पहुंचे और गुलदार के शव को कब्जे में लिया।