ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंतगांव स्थित एक होटल में रविवार रात एक गुलदार घुस गया। सोमवार तड़के जब गुलदार ने मुख्य द्वार से निकलने की कोशिश की, तो होटल कर्मियों की नींद टूटी। हालांकि गुलदार बाथरूम की खिड़की से कूदकर जंगल की ओर भाग गया।
देवप्रयाग से करीब तीन किलोमीटर दूर पंतगांव में मंगलवार रात गुलदार एक होटल में घुस गया। बताया गया कि गुलदार रात 11 बजे के आसपास अंदर घुसा था। होटल संचालक विक्रम कोटियाल ने बताया कि गुलदार के अंदर होने तक का तब पता चला जब सुबह होटल कर्मियों ने मुख्य द्वार (कांच के दरवाजे) पर किसी चीज के टकराने की आवाज सुनी।
होटल कर्मी मनोज ध्यानी और सोनी चौहान ने गुलदार को कांच पर पंजा मारते देखा। हॉल में सोए कर्मचारी दूसरी ओर भागने लगे। गुलदार भी होटल कर्मियों को देखकर घबरा गया और होटल के अंदर रखी मेजों पर कूदता हुआ बाथरूम की खिड़की से जंगल की ओर भाग निकला। सूचना मिलने पर सुबह वन दारोगा तुलसीदास भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रात में सावधानी बरतने की सलाह दी।