चार साल के नर गुलदार की इस वजह से मौत हो गई, जिसे जानकर सभी लोग हैरान रह गए। प्रतापनगर क्षेत्र के रौणद रमोली पट्टी के नाग गांव के खाल नामे तोक में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में गुलदार की मौत हो गई।
मृत मिले गुलदार के शव को वन विभाग ने कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुलदार की मौत का कारण भूख से होना बताया गया है। मृत नर गुलदार की उम्र चार साल बताई जा रही है। बीती रात को डीएफओ डा. कोको रोसे को खाल नामे तोक में गुलदार का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी।
मंगलवार सुबह वन रेंजर लक्की शाह और वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पशु चिकित्सक डा. एके वर्मा ने बताया कि गुलदार की मौत भूख के कारण हुई है। रेंजर लक्की शाह का कहना है कि हो सकता है गुलदार को जंगल में शिकार न मिला हो इसलिए वहां शिकार की तलाश में आवासीय बस्ती की तरफ आया होगा। यहां भी शिकार न मिलने से उसकी मौत हो गई।