रुद्रप्रयाग के एक गांव में 24 घंटे तक घर में घुस कब्जा जमाने वाले गुलदार को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पिंजरे में कैद कर लिया। गुलदार को प्रभागीय कार्यालय लाया गया है। गुलदार के सिर और मुंह पर चोट के निशान हैं। पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की टीम उसका उपचार कर रही है।
शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के किमाणा गांव में मदन सिंह पंवार के घर में लगे पिंजरे में गुलदार के कैद होने पर वन विभाग के कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान पिंजरे को चारों तरफ कपड़े से ढक लिया गया।
यहां से प्रात: 6 बजे टीम गुलदार को लेकर रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हुई। गुलदार को पानी पिलाया गया और खाने के लिए मांस दिया गया। गर्मी से बचाने के लिए उसे पानी से भिगोया गया। करीब पांच वर्ष के नर गुलदार की लंबाई सात फीट से अधिक है।