झूमते नाचते जा रहे बारातियों की तब जान पर आ बनी जब सड़क किनारे तेंदुआ उन पर हमला करने को बैठा हुआ था। इससे पहले की बारती कुछ करते तेंदुए ने दो पर झपट्टा मार दिया।
नैनीताल में दिनदहाड़े बारातियों पर तेंदुए के छपटने से अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। दरअसल, दो युवकों को अल्मोड़ा से नैनीताल शादी समारोह में बाइक से जाना उस समय महंगा पड़ गया जब अल्मोड़ा-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग में निगलाट के पास तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
अनियंत्रित होकर बाइक सड़क पर गिरी तो दोनों घायल हो गए। दोनों को नैनीताल के राजकीय बीडी पांडे जिला अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अल्मोड़ा के फलसीमा गांव निवासी गोपाल सिंह बिष्ट का 16 साल का बेटा पवन सिंह बिष्ट अपने ताऊ भवान सिंह बिष्ट के बेटे अमित सिंह बिष्ट (24) के साथ रविवार को बाइक से बल्दियाखान (नैनीताल) में आयोजित विवाह समारोह में जा रहा था।
भवाली से कुछ पहले निगलाट के पास पहुंचने पर दोपहर 12.10 बजे सड़क किनारे कलमठ पर बैठा एक तेंदुआ बाइक पर झपट पड़ा। दोनों घबराकर सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। इस दौरान तेंदुए ने अमित के हेलमेट पर हमला किया और जैकेट का हिस्सा भी नोच दिया। बारात की बस भी पीछे से आ रही थी। बारातियों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया। घायलों को बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल पहुंचाया।