फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आतंकः गाय चराने गई महिला को गुलदार ने मार डाला, घर में घुसकर बच्चे पर झपटा तेंदुआ

Sun, 04 Aug 2019 10:17 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : pexels.com
विज्ञापन

उत्तराखंड में इन दिनों तेंदुओं का आतंक फैला हुआ है। आज देहरादून जिले के रायवाला में जहां तेंदुए ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया। वहीं पिथौरागढ़ में एक तेंदुआ घर में घुस गय और बच्चे पर झपट पड़ा।

विज्ञापन


रायवाला क्षेत्र में गुलदार के हमले लगातार जारी हैं। शनिवार को गाय चराने गई महिला को गुलदार ने मार डाला। गुलदार महिला को रेलवे ट्रैक से खींचकर करीब 200 मीटर अंदर घने जंगल में ले गया। गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में एक बार फिर दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची वनकर्मियों और पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बीते पांच सालों में गुलदार 24 लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

प्रतीतनगर स्थित वैदिकनगर निवासी फ्यौंला देवी 65 वर्ष पत्नि स्व. सूरत सिंह गाय चराने घर के पास से गुजर रहे देहरादून रेलवे ट्रैक से होते हुए कुछ दूरी तक जंगल में गई हुई थी। तभी गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। गुलदार महिला को रेलवे ट्रैक से घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गया, जहां उसने महिला को निवाला बना लिया। काफी देर होने के बाद जब महिला घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अनहोनी की आशंका जताते हुए ट्रैक की ओर भी पड़ताल शुरू की गई। काफी ढूंढने पर ट्रैक से कुछ दूरी पर महिला की चप्पल और शव को खींचकर ले जाने के निशान झाड़ियों में देखे गए। 
विज्ञापन


इसके बाद मौके पर वनकर्मियों की मदद से हवाई फायर झोंककर जंगल में प्रवेश किया गया। करीब घंटे भर की तलाशी अभियान के बाद घने जंगल में महिला का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। इसकी खबर सुनकर मौके पर भारी भीड़ जुटने लगी। वनकर्मियों और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेंज अधिकारी एसएस नेगी ने बताया कि मोतीचूर रेंज की सत्यनारायण सेक्शन में रेलवे ट्रैक से होते हुए महिला जंगल में चली गई थी। घात लगाकर गुलदार ने महिला को अपना शिकार बना दिया। वृद्ध महिला अपने तीन बेटों, बहुओं और बच्चों के साथ रहती थी।
 

गुलदार की आवाजाही से लोगों में फैली दहशत

चिन्यालीसौड़ ब्लॉक के हवाई अड्डे सहित अन्य आबादी वाले क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से गुलदार की सक्रियता के कारण लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। भयभीत लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

क्षेत्र के बिशन सिंह कोटवाल, कोमल सिंह चौहान, नागेंद्र पडियार आदि लोगों ने बताया कि लंबे समय से हडियाड़ी, बंधाण गांव, श्रीकोट, बमणती व चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बढ़ गई है। आलम यह है कि आए दिन गुलदार आबादी वाले क्षेत्रों में घुसकर मवेशियों को निवाला बना रहा है। बीते बुधवार की रात को गुलदार ने चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा क्षेत्र निवासी प्यार सिंह के पालतू कुत्ते को निवाला बना लिया। जिसके बाद ।से ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पूर्व में भी आसपास के क्षेत्रों में गुलदार आधा दर्जन मवेशियों का शिकार कर चुका है। लोगों ने कहा कि गुलदार की सक्रियता के कारण मवेशियों के साथ ही लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है। जिसके चलते लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। उन्होंने वन विभाग से मामले का संज्ञान लेकर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।

घर में घुसा तेंदुआ, बच्चे पर झपटा 

पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से लगे पपदेव गांव में घर में घुसकर तेंदुए ने पांच वर्षीय बच्चे पर झपटा मार कर घायल कर दिया। बच्चे के पिता के हल्ला मचाने पर तेंदुआ भाग गया। बच्चे के गाल पर तीन टांके लगे हैं। शुक्रवार रात करीब सवा आठ पपदेव गांव में विनीत वर्मा की पत्नी दो मंजिले मकान की रसोई में खाना बना रही थीं। उनका पांच वर्षीय बेटा हर्षित बरामदे में खेल रहा था। इसी दौरान दो मंजिले मकान में तेंदुआ घुस आया और बरामदे में खेल रहे हर्षित पर झपट गया।

हर्षित के शोर मचाने पर उसके माता-पिता बाहर आए तो तेंदुए ने हर्षित के मुंह और गले में पंजा मार दिया। हर्षित के पिता विनीत के जोर-जोर से शोर मचाने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। शोर सुनकर ग्रामीण भी एकत्र हो गए और उन्होंने घायल हर्षित को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। हर्षित के बाएं गाल पर तीन टांगे लगे हैं। शनिवार को भाजपा नेता भूपेश पंत ने अस्पताल पहुंच घायल बच्चे का हालचाल जाना। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित बच्चे को मुआवजा दिलाने और तेंदुए को पकड़ने का अनुरोध किया है। इस मौके पर बॉबी वर्मा, मौनी वर्मा, चिरंजी वर्मा, रामू वर्मा आदि मौजूद रहे। 
 
विज्ञापन

आए दिन तेंदुए की धमक से दहशत में लोग 

जिला मुख्यालय से सटे गांव में तेंदुए की धमक से ग्रामीण दहशत में हैं। गांव के अधिकांश लोग बाजार में दुकान चलाते हैं और रात आठ बजे तक ही घर पहुंचते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले एक हफ्ते से तेंदुए की धमक बनी हुई है। तीन-चार दिन पहले तेंदुए ने एक बकरी और गाय को भी निवाला बनाया।

गांव के टप्पू वर्मा ने बताया कि सुबह सैर में जाने वाले लोगों को भी बरदानी मंदिर के आसपास तेंदुआ अक्सर दिखाई देता है। करीब पखवाड़े भर पहले पांडेय गांव ऊपरी क्षेत्र में नवीन वर्मा के घर के स्टोर कक्ष में तेंदुए का बच्चा घुस आया था। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के जंगल में दो-तीन तेंदुए हैं। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें