एसटीएफ की एंटी ड्रग टास्क फोर्स ने उत्तरकाशी से चरस लाकर ऋषिकेश में बेचने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी लूट की घटनाओं में शामिल रहा है। आरोपियाें के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कार को सीज कर दिया गया।
एंटी ड्रग टास्क फोर्स ने शनिवार को ऋषिकेश से दो तस्करों विनोद मसीह निवासी टीएचडीसी कालोनी ऋषिकेश और रोहित कुमार निवासी जाम बाजार सुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 709 ग्राम चरस बरामद हुई है। टास्क फोर्स को इनके बारे में पहले से जानकारी थी। यह दोनों उत्तरकाशी से चरस लाकर कार से घूम-घूमकर ग्राहकों को आपूर्ति देते थे। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उन्हें कार समेत दबोच लिया गया।
टास्क फोर्स ने पूछताछ के बाद बताया कि विनोद मसीह के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज है। जेल से रिहा होने के बाद विनोद मसीह नशे के धंधे में उतर गया। पूछताछ में कई और नाम सामने आए है, जिनके खिलाफ साक्ष्याें का संकलन करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।