शहर में जर्जर पेयजल लाइनें जहां-तहां टूटी हैं। रिस्पना पुल के पास शास्त्रीनगर में पाइप लाइन दिक्कत कर रही है। यहां सीवर लाइन का काम चल रहा है। अंदर से जा रही पेयजल लाइन कहीं टूटी हुई है। लीकेज होने से बार-बार गड्ढों में पानी भर रहा है। पाइप लाइन ठीक करने के लिए पेयजल निगम को ट्रैफिक पुलिस से ली गई परमिशन बार-बार बढ़ानी पड़ रही है। पंद्रह दिन में होने वाले काम में महीना लग गया है। बार-बार खुदाई के चलते यहां जाम लग रहा है।
लाइन लीकेज से अधिकारी परेशान
शास्त्रीनगर में पंद्रह दिन में सीवर लाइन का काम खत्म हो जाना था लेकिन पेयजल निगम के अधिकारियों को नहीं पता था कि यहां नई मुसीबत खड़ी हो जाएगी। पेयजल निगम की ओर से ट्रैफिक पुलिस से पंद्रह दिनों की परमिशन लेकर काम शुरू किया गया। खुदाई करते ही गड्ढों में पानी भरने लगा।
लाइन लीकेज से अधिकारी परेशान हैं। लगातार खुदाई के बाद पता लगा कि अंदर ही अंदर पाइप लाइन लीक है। इसके चलते पंद्रह दिन में जो काम हो जाना चाहिए था उसमें महीना लग गया। वहीं, इस काम की वजह से आए दिन वहां जाम लगा रहता है।
पेयजल निगम के सहायक अभियंता अरविंद सिंह सजवाण ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस से परमिशन बढ़ाई जा रही है। बताया कि एक महीने बाद भी काम में कोई खास प्रगति नहीं हो पा रही है। पानी भरने की वजह से काम धीमा हो गया है। कुछ दिन लोगों को और सहयोग करना होगा। विभाग अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर रहा है।