मौसम का मिजाज सर्द होने के बावजूद डेंगू बुखार का प्रकोप कम होता नजर नहीं आ रहा है। गुरुवार को भी देहरादून में डेंगू के 125 नए मरीज सामने आए हैं। मरीजों की यह संख्या जिले के तीन सरकारी अस्पतालों से आई एलाइजा जांच रिपोर्ट की है।
मौसम ठंडा होने पर परिस्थितियां आमतौर पर डेंगू मच्छर के पनपने के लिए अनुकूल नहीं होती है। इसके बावजूद डेंगू से पीड़ित मरीजों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुरुवार को दून अस्पताल में 360 मरीजों के ब्लड सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजे गए थे।
इसमें से 82 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसी तरह, एसपीएस हास्पिटल ऋषिकेश में 50 में से 30 और सीएचसी रायपुर में में 30 में 13 मरीजों की एलाइजा जांच में डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। इस सीजन में अब तक जिले में डेंगू की पहचान के लिए 16425 मरीजों के सैंपल की एलाइजा जांच हो चुकी है। इसमें से 3731 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।