जल संस्थान देहरादून के पित्थूवाला में तैनात जेई की मौत मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने जल संस्थान देहरादून में एक एई और एक सहायक अभियंता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरु कर दी है।
भगवानपुर के गांव तेज्जुपुर निवासी देवानंद पुत्र ताराचंद जल संस्थान देहरादून के पित्थूवाला क्षेत्र में तैनात था। दो मई को वह अचानक गायब हो गया था। तीन मई को उसका शव मोहम्मदपुर झाल पर मिला था। उस वक्त भी परिजनों ने जल संस्थान देहरादून के अधिकारियों पर उसका मानसिक उत्पीडन करने और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया था।
बृहस्पतिवार की शाम में मृतक जेई देवानंद के भाई अनिल कुमार ने नारसन चौकी में तहरीर देकर देहरादून जल संस्थान के एई और एक सहायक अभियंता के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। अनिल का कहना है कि उक्त इंजीनियर उसके भाई को किसी घोटाले में फंसाने की धमकी दे रहे थे, जिसमें उसका भाई दहशत में आ गया था।
चौकी प्रभारी मनोज कुमार सिरोला ने बताया कि दोनों इंजीनियरों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। जल्द ही मामले की जांच की जाएगी।