उत्तराखंड के बागेश्वर में कपकोट में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। राहत भरी बात यह है कि कहीं से भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। उधर, जिला आपदा प्रबंधन ने भूकंप आने के दावे को खारिज किया है।
कपकोट में बृहस्पतिवार दोपहर में करीब 3:35 बजे भूकंप के झटका महसूस हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ सेकेंड के लिए दुकान, मकान की इमारतें हिलती महसूस हुई। फिर अचानक सब शांत हो गया।
अनहोनी के मद्देनजर लोग घर, दुकान छोड़कर बाहर आ गए। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर कपकोट में भूकंप की खबर वायरल हो गई। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि कपकोट में भूकंप की कोई सूचना नहीं है, सिर्फ सोशल मीडिया में ही इस तरह की खबर चल रही है। कहीं से कोई नुकसान की भी खबर नहीं है।