शहर के तीन फ्लाई ओवरों के निर्माण में और देरी की आशंका देखते हुए राज्यपाल ने कार्यदायी कंपनी ईपीआईएल के सीएमडी को तलब किया है। मालूम हो कि दो साल में फ्लाईओवर निर्माण की डेडलाइन को अब तक कई बार बदला जा चुका है। कुछ दिन पहले निर्माण की स्थिति का जायजा लेने के बाद राज्यपाल केके पाल ने दिशानिर्देश जारी किए थे पर निर्माण की रफ्तार नहीं सुधरी।
बल्लूपुर, बल्लीवाला और आईएसबीटी पर बन रहे फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य पूरा होने में लंबा वक्त लग गया है। तय समय सीमा से करीब दो साल बाद भी इन फ्लाई ओवर का निर्माण पूरा होते नहीं दिख रहा है। इससे वहां आसपास रहने वाले लोगों के साथ वाहन चालक भी परेशान हैं।
जा चुकी है जान
यही नहीं, सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री के कारण घटित वाहन हादसो में निर्दोष लोगों की जान भी चली गई है। जिला प्रशासन से लेकर शासन तक इस मामले में कंपनी को कई बार निर्माण कार्य में तेजी लाने को कह चुके हैं। इसके बावजूद फ्लाई ओवर निर्माण की गति में कोई तेजी नहीं आई है।
राज्यपाल की ओर से एडीबी के कार्यों और फ्लाई ओवर के कार्यों की प्रगति के अनुश्रवण के लिए गठित मानीटरिंग कमेटी ने अपनी रिपोर्ट राजभवन को दे दी है। राज्यपाल ने प्रगति आख्या की समीक्षा करने के बाद कंपनी के सीएमडी को तलब किया है।