डीएवी पीजी कॉलेज ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के आधार पर स्नातक में प्रवेश के लिए रविवार को आखिरी वेटिंग लिस्ट जारी कर दी। इसके तहत सीयूईटी देने वाले छात्रों को बिना मेरिट के कॉलेज में प्रवेश दिया जाएगा।
विज्ञापन
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. केआर जैन ने बताया, जिन छात्रों ने सीयूईटी दिया है और कॉलेज में एनटीए स्कोर के साथ आवेदन किया है उन सभी की आखिरी वेटिंग लिस्ट रविवार को जारी कर दी गई है। इसके तहत सात और आठ अगस्त को बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
सुबह साढ़े दस से दोपहर डेढ़ बजे तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। छात्रों को कमेटी के सामने एप्लीकेशन फॉर्म की दो प्रतियां, अपेक्षित प्रमाणपत्रों के साथ रिपोर्ट करना है। प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. रमेश शर्मा ने बताया, कॉलेज में अंतिम मेरिट सूची के साथ मुख्य मेरिट सूची और प्रथम वेटिंग मेरिट सूची के अब तक प्रवेश न ले पाने वाले छात्रों को एक मौका मिल रहा है।
3815 सीटों पर 1419 दाखिले हुए
प्रो. केआर जैन ने बताया, कॉलेज में यूजी की कुल 3815 सीटें हैं और 2252 छात्रों के पंजीकरण हुए हैं। अभी तक 1419 छात्रों को ही दाखिला मिल पाया है अन्य सीटें खाली पड़ी हैं। आखिरी वेटिंग लिस्ट के बाद जितनी सीटें खाली रहेंगी, इसमें फिर से पंजीकरण शुरू करवाने की तैयारी की जा सकती है।