शहर में हो रही बारिश से अलट उद्यान, पुराने टिहरी बस अड्डे के पास भू भूस्खलन हुआ। वहीं, स्प्रींग रोड में सड़क धंस गई जिससे बड़ा गड्ढा बन गया। पुराने टिहरी बस अड्डे के निकट सड़क तीन घंटे तक बंद रही। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भारी बारिश के कारण मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर ओल्ड टिहरी बस अड्डे के पास सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे भूस्खलन होने से मलबा, बोल्डर और दो पेड़ सड़क पर आ गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो स्कूटर सवार बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस और लोनिवि के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क खोलने के लिए जेसीबी मशीन को बुलाया। करीब तीन घंटे बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। वहीं, फायर स्टेशन के पास एनएच 707 ए धंस गया। अटल उद्यान मार्ग पर भी बड़े बोल्डर आने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
वहीं, लोनिवि के सहायक अभियंता शिवराज सिंह लौधियाल ने बताया कि ओल्ड टिहरी बस अड्डे के पास मार्ग से मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। चूनाखाला-झड़ीपानी मार्ग पर भी मलबा आया था जिसे तत्काल हटा दिया गया।