जमीनों की खरीद-फरोख्त पर प्रशासन सख्त
प्रदेशभर में बाहरी लोगों की ओर से जमीनों की खरीद-फरोख्त के मामले पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। डीएम आलोक कुमार पांडे ने जिले में नियमों का उल्लंघन कर खरीदी गईं जमीनों के मामलों की जांच बैठा दी है। इसी के मद्देनजर अल्मोड़ा तहसील के अंतर्गत जमीन की खरीद-फरोख्त की जांच में कई तथ्य सामने आए हैं।
मुंबई के उद्यमी की 108 नाली जमीन हो चुकी है जब्त
पिछले दिनों अल्मोड़ा तहसील प्रशासन ने मुंबई के एक उद्योगपति की 108 नाली जमीन को जब्त कर बैनामा रद्द कर दिया था। तब से जिले में हर क्षेत्र में ऐसी जमीनें तलाशी जा रही हैं जिन्हें बड़ी-बड़ी हस्तियों ने खरीदा है। इन जमीनों की खदीद-फरोख्त में प्रदेश की जमीन खरीद संबंधी नीति का उल्लंघन किया गया है।
बागेश्वर में चार लोगों पर कार्रवाई गतिमान
बागेश्वर जिले में जमीन खरीदने वाले चार लोगों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई चल रही है। इन लोगों ने जिस उद्देश्य से जमीन खरीदी थी, उस उद्देश्य से उन्होंने जमीन का उपयोग नहीं किया। एक व्यक्ति के खिलाफ जांच पूरी होने के बाद उसकी जमीन को जब्त किया जा चुका है। जिला प्रशासन के अनुसार कौसानी में अवशीन कुमार झा ने 0.134 हेक्टेयर, अनीता कपूर ने 0.614 और कपकोट में मैसर्स ऊनी वस्त्र ने 0.014 हे. और उत्तर भारत हाइड्रो पावर कंपनी ने 0.090 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी। कौसानी में जिस उद्देश्य से जमीन खरीदी गई थी, उसका उपयोग दूसरे कार्य में किया जा रहा था। कपकोट में खरीदी गई जमीन पर भी कोई कार्य नहीं किया जा रहा था। इसके चलते इस मामले में भी कार्रवाई गतिमान है। मैसर्स त्रिलोक ग्रामोद्योग के खिलाफ मामला पूरा होने के बाद उनकी खरीदी जमीन को जब्त कर लिया गया है। एडीएम एनएस नबियाल ने बताया कि जमीन खरीदने के बाद इनका उपयोग वांछित प्रयोजन में नहीं किया गया। गरुड़ और कपकोट के एसडीम के यहां इन चार जमीनों के मामले चल रहे हैं।
चंपावत में एक मामले में चल रही जांच
एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि चंपावत जिले में एक बाहरी व्यक्ति ने नियम विरुद्ध भूमि खरीदी है। इस पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच के बाद कोर्ट में केस दर्ज किया जाएगा।
कहां कितनी जमीन जब्त (नाली में)
अल्मोड़ा...108
धारी...4 नाली
कैंची...210 नाली
कुल ...322 नाली
कितनी जमीन पर कार्रवाई गतिमान (नाली में)
बागेश्वर....101.85 नाली
काशीपुर..63.75
नैनीताल...1194.45
अल्मोड़ा...15
चंपावत...1.50
कुल ...1376.55 नाली
ये भी पढ़ें...CM Dhami: त्रियुगीनारायण मंदिर में की सीएम धामी ने पूजा-अर्चना, तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों से किया संवाद
नोट...एक हेक्टेयर में 49.8 नाली जमीन होती है)