धारचूला में सड़क कटिंग के दौरान पहाड़ी दरकने से पिथौरागढ़-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग ढुंगातोली के पास मंगलवार को बंद हो गया। इससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सीमा सड़क संगठन की कटिंग के दौरान जौलजीबी ढुंगातोली में पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए। इससे एनएच पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए। देर शाम तक जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी था। इधर, पिछले दिनों मलबा आने से 11 ग्रामीण सड़कें अभी भी बंद हैं। सोबला-उमचिया, गिनीबैंड-समकोट, नाचनी-भैंसकोट, मसूरीकांडा-होकरा, मदकोट-फाफा, बांसबगड़-कोटा पंद्रपाला, सोसा-सिरखा, छिरकिला-जम्कू सड़कें मलबा आने से बंद पड़ी हैं।