फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनोत्री हाईवे पर अनियंत्रित होकर नदी में गिरी यूटिलिटी, लापता में से चार के शव मिले, रेस्क्यू जारी

Wed, 11 Sep 2019 08:27 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कालसी

सार

-दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हथियारी के समीप हुआ हादसा
-वाहन चालक प्रवेश कुमार को रेस्क्यू कर हायर सेंटर किया रेफर
विज्ञापन
हादसे में घायल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को बाड़वाला-जुड्डो संपर्क मार्ग पर हथियारी के पास हुए हादसे में मंगलवार को चार लोगों के शव यमुना नदी से बरामद हुए। वहीं, दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

विज्ञापन


इनकी तलाश में पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। पुलिस ने मंगलवार को बरामद एक महिला और तीन पुरुषों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इनका हरिपुर यमुना नदी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। 

मंगलवार सुबह छह बजे पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दोपहर दो बजे तक पुलिस ने घटना स्थल के 2 किमी के दायरे में चार शव बरामद किए। वहीं, दुर्घटना की खबर लगते ही मौके पर खत बौंदूर के ग्रामीण भी पहुंच गए। इन्होंने पुलिस को बताया कि वाहन में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे।
विज्ञापन


बताया गया कि मृतक चकराता तहसील क्षेत्र के लावणी, घणता और टिहरी जिले के बनगांव के रहने वाले थे। वहीं, लापता लोग नैनबाग और दोरो लाखामंडल क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। विधायक मुन्ना सिंह चौहान, एसपी देहात परमेंद्र डोभाल, एसपी ट्रैफिक प्रकाश चंद्र आर्य ने भी घटना स्थल पहुंच रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन में कालसी, विकासनगर थाने की पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया है।  

विकासनगर से लावड़ी गांव जा रहा था वाहन

कालसी थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि मृतकों की पहचान लाखीराम (28) पुत्र उणिया निवासी बनगांव थाना कैंपटी जिला टिहरी गढ़वाल, गेंदा (45) पुत्र केवलू, साइना (32) पत्नी गेंदा दोनों निवासी घणता तहसील चकराता और विक्की (23) पुत्र जगालू निवासी लावड़ी लाखामंडल चकराता के रूप में हुई है। वहीं, दीपक उर्फ छोटू पुत्र भरत लाल निवासी खरसौन नैनबाग टिहरी गढ़वाल और नवीन पुत्र अन्नो निवासी ग्राम दौरो लाखामंडल अब भी लापता हैं। 

मालूम हो कि बीते सोमवार को विकासनगर से खत बौंदूर के लावड़ी गांव जा रहा एक यूटिलिटी वाहन शाम करीब चार बजे हथियारी के पास अनियंत्रित होकर यमुना नदी में जा गिरा था। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने हादसे में छिटक केर दूर जा गिरे चालक प्रवेश कुमार पंवार पुत्र नेपाल सिंह निवासी लावड़ी को नदी किनारे से बेहोशी की हालत में रेस्क्यू किया था।
विज्ञापन

विधायक ने बंधाया ढांढस 

चालक के बेहोशी की हालत में होने से वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल सकी थी। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन में छह से सात लोगों के होने की बात कही जा रही थी। नदी किनारे पुलिस को कुछ लोगों के पहचान पत्र बरामद हुए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन को रोक दिया गया। 

हथियारी के पास सड़क दुर्घटना के शिकार हुए लोगों के शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद हरिपुर यमुना घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान पूरे यमुना घाट पर मृतकों के परिजनों का रूदन सुनाई दे रहा था। घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी घाट पर पहुंच मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर ने भी दुर्घटना स्थल पहुंच मृतकों के परिजनों से मुलाकात की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें