मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन व सेवा क्षेत्र के उद्योगों के लिए लैंड बैंक स्थापित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने प्रमुख सचिव आरके सुधांशु को लैंड बैंक स्थापित करने के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके आलवा राज्य में जीएसटी कर संग्रह बढ़ाने और कर चोरी रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री ने राज्य में आय के संसाधनों को बढ़ावा देने और निवेश की संभावनाओं को लेकर समीक्षा की। उन्होंने जीएसटी कर संग्रह बढ़ाने के साथ राज्य के राजस्व संसाधनों में वृद्धि के लिए हिमाचल व अन्य पर्वतीय राज्यों की ओर से अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन करने के लिए कहा। जीएसटी में सेक्टर वार बढ़ोतरी करने के प्रयास करने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को रिटर्न फाइल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। सभी लोग खरीदे गए सामान की रसीद लेने की आदत डालें। इसके लिए ग्राहक प्रोत्साहन योजना की व्यवस्था बनाई जाए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल. फैनई, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, नितेश कुमार झा, राधिका झा, सौजन्या, बीवीआरसी पुरूषोतम आदि उपस्थित थे।