देहरादून। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के खिलाड़ी लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय पुरुष अंडर-19 क्रिकेट टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर क्रिकेट कमेटी ने बृहस्पतिवार को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया है।
बीसीसीआई की आधिकारिक वेबसाइट की ओर से जारी मीडिया एडवाइजरी के अनुसार, इस दौरे पर भारतीय टीम तीन वन-डे और दो मल्टी-डे (चार दिवसीय) मैच खेलेगी। हल्द्वानी के मूल निवासी लक्ष्य रायचंदानी को वन-डे और मल्टी-डे दोनों ही प्रारूपों के लिए उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस टीम की कप्तानी यशवर्धन सिंह चौहान को सौंपी गई है।