ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के वर्क मैनेजर (एडब्ल्यूएम) के घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी हो गई। उनकी शिकायत पर रायपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
भगवान दास निवासी तपोवन एन्क्लेव ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में एडब्ल्यूएम हैं। वह 16 सितंबर की रात घर में ताला लगाकर परिवार के साथ अमृतसर चले गए। 17 सितंबर को उनके पास सोसाइटी के सचिव का फोन गया। उन्होंने बताया कि घर का दरवाजा खुला है। अंदर से चोरी की आशंका जताई। सूचना पर भगवान दास दून पहुंचे। उन्होंने देखा तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर तीन लैपटॉप, सोने चांदी के गहने, सिक्के, तीस हजार रुपये की नकदी, सात ट्रॉली बैग, कीमती घड़ियां और अन्य सामान चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। रायपुर थानाध्यक्ष अमरजीत रावत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।