- 2025-26 में 1.20 लाख नई लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राज्य स्तरीय मूल्यांकन समिति की बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन और लखपति दीदी कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। ग्रामीण विकास सचिव धीराज गर्ब्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 68,497 स्वयं सहायता समूह, 7,768 ग्राम संगठन और 566 क्लस्टर संगठन गठित हो चुके हैं। इनके माध्यम से 5 लाख से अधिक महिलाएं आजीविका गतिविधियों से जुड़कर सशक्त हुई हैं।
वर्तमान में राज्य में 1.63 लाख महिलाएं लखपति दीदी के रूप में विकसित हो चुकी हैं। अगले वित्तीय वर्ष में 1.20 लाख नई सदस्यों को इस लक्ष्य तक पहुंचाने की तैयारी है। बैठक में पर्यटन विभाग को समिति में शामिल करने, एसएचजी सदस्यों को पीएमईजीपी व मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से जोड़ने, उद्यमशाला योजना के तहत कौशल विकास बढ़ाने और समूहों के उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालय से जोड़ने जैसे निर्देश दिए गए। सचिव ने सभी जिलों में विभागीय समन्वय से जिलावार कार्ययोजना तैयार करने को कहा ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।