देहरादून की जीएमएस रोड पर मंगलवार की सुबह एक दिलेर युवती ने बदनियती से आए मजनू के छक्के छुड़ा दिए। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए छेड़छाड़ करने वाले युवक का हाथ दांत से काट लिया। मामला उलटा पड़ता देखकर आरोपी फरार हो गया।
जीएमएस रोड के मोहित नगर निवासी महिला रोज की तरह मंगलवार को भी सुबह टहलने निकली थी। इसी बीच स्कूटी से आए युवक ने बदनियती से युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने विरोध किया तो युवक गुस्से में आ गया।
आरोपी ने युवती का मुंह दबाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती ने हाथापाई करते हुए आरोपी के हाथ पर दांत से काट दिया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर स्कूटी लेकर फरार हो गया।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आरोपी की तलाश में घेराबंदी की गई। लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। युवती की दिलेरी से एक बड़ी अनहोनी बच गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जानकारी से इनकार कर रही थी। बता दें कि दून में छेड़छाड़ की घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है।