तमाम पुलिसकर्मी ऐसे भी हैं जो कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट जारी होने के बाद घर तक नहीं गए हैं। ऐसी परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को कोरोना से बचाने के लिए उनकी पत्नियों ने घरों में मास्क बनाना शुरू कर दिया है। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह के निर्देश पर महिलाओं को कपड़ा और धागा उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रतिदिन 50 से 55 मास्क तैयार कर उनको सैनिटाइज कर पुलिस और आम जनता को बांटे जा रहे हैं। मास्क बनाने वालों में हेड कांस्टेबल कुवाश राय, शांति पंत, तुलसी जीना, किरन चंद्रा, अंजू धर्मा रावत और तुलसी देवी शामिल हैं। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने पुलिसकर्मियों की पत्नियों के इस कदम की सराहना की है। उन्होंने बताया कि मास्क बनाने वाली महिलाओं को जरूरी कपड़ा और अन्य सामान दिया जा रहा है।