- महिलाओं और शैक्षिक भ्रमण पर आने वाले विद्यार्थियों को भी उठानी पड़ती है मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। आसन वेटलैंड को संरक्षित क्षेत्र का दर्जा प्राप्त है। यहां हर साल सर्दियों के मौसम में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है। वेटलैंड की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता पर्यटकों, पक्षी विशेषज्ञों और प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित करती है, लेकिन, यहां आने वाले लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना है। क्षेत्र में न तो शौचालय की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी व बैठने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं। इसके चलते पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आसन वेटलैंड में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक और पक्षी प्रेमी पहुंचते हैं। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों और संस्थाओं की ओर से विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण पर भी यहां लाया जाता है। सुविधाएं न होने के कारण विद्यार्थियों के साथ महिलाओं को भी विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी श्रवण यादव, यशपाल सैनी, सुशील कुमार का कहना है आसन वेटलैंड में पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सहित सभी जरूरी जनसुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। इससे यहां आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
संरक्षित क्षेत्र का काफी हिस्सा ग्राम पंचायत की सीमा में आता है। यदि इस क्षेत्र में पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाती हैं तो पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा और ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा। - मोहम्मद खालिद, ग्राम प्रधान ढालीपुर।
काफी समय पहले सरकार ने इस क्षेत्र को विकसित करने की योजना बनाई थी, लेकिन धरातल पर खास काम नहीं हुआ। आज भी पर्यटक और पक्षी प्रेमियों को परेशानी उठानी पड़ती है। - मोहम्मद आरिफ, अध्यक्ष ईको समिति आसन वेटलैंड।
क्षेत्र में जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - आनंद रावत, रेंजर आसन क्षेत्र।