मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के वीडियो को बेहद शर्मनाक करार दिया है। इस वीडियो में चैंपियन हाथों में असलहे लहराते हुए नाच रहे हैं। इसमें उनकी उत्तराखंड पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पूरे प्रदेश में उबाल है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री से जब चैंपियन पर कार्रवाई के बारे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये संगठन का काम है।
संगठन उचित विचार करेगा, लेकिन उत्तराखंड के विषय पर जिस प्रकार का वीडियो सामने आया है वह अत्यंत ही लज्जाप्रद है। किसी सामान्य व्यक्ति को भी इस तरह की बातचीत नहीं करनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों से तो इस तरह की अपेक्षा नहीं की जा सकती है। इसलिए जो बयान दिया है, उसको कतई उचित ठहराया नहीं जा सकता।
राज्य आंदोलनकारियों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
चैंपियन के खिलाफ राज्य आंदोलनकारियों का गुस्सा फूटा। उत्तराखंड राज्य पर उनकी अभद्र टिप्पणी से क्षुब्ध राज्य आंदोलनकारियों ने देहरादून में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और उनसे चैंपियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। उधर, उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से देहरादून कोतवाली में चैंपियन के खिलाफ तहरीर देकर उनके खिलाफ राजद्रोह की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। तहरीर में उन्होंने कहा है कि उनके फेसबुक अकाउंट पर कुछ लोगों ने अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपशब्द लिखे हैं।
आमजन को गलत तरीके से क्षेत्रवाद की मिथ्या भावना भड़काकर उन्हें व उनके परिवार को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने अपने मोहिनी रोड स्थित आवास पर हथियारबंद पुलिस की तैनाती करने की मांग की है।