तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस का संचालन फिलहाल खटाई में पड़ गया है। रेल मंडल मुख्यालय की ओर से ट्रेन के संचालन को लेकर भेजे गए प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी नहीं दी है। वहीं, देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस और देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन भी नहीं किया जा रहा है।
बता दें कि रेलयात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए रेल मंडल मुख्यालय की ओर से देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस के संचालन को लेकर प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया था।
इसमें दस अप्रैल से ट्रेन को संचालित करने की मांग की गई थी। रेलवे के सूत्रों के अनुसार पंजाब में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते रेलवे बोर्ड ने फिलहाल लाहौरी एक्सप्रेस के संचालन को हरी झंडी नहीं दी है। इस संबंध में जब स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) सीताराम शंकर से जानकारी दी गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस के संचालन को लेकर कोई आदेश नहीं मिला है। ऐसे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।