कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कुंभ मेला, जिला प्रशासन, सभी जिला स्तरीय कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, चिकित्साकर्मियों, हेल्थ केयर वर्कर, अखाड़ा एवं आश्रमों के संतों के अलावा मीडियाकर्मियों की आरटीपीसीआर कोरोना जांच की जाएगी। डीएम सी रविशंकर ने सोमवार को इस संबंध में सर्कुलर जारी कर दिया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग और नोडल अधिकारियों को सभी की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
धर्मनगरी में संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ रहा है। शहरी क्षेत्र से गांव-देहात और अधिकतर कार्यालयों में तैनात अधिकारी व कर्मचारी कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। डीएम सी रविशंकर ने कहा कि महाकुंभ में ड्यूटी करने वालों को संक्रमण की आशंका बनी है। ऐसे में उनकी जांच जरूरी है। इसके लिए विभागवार सूची तैयार कर टेस्टिंग कराई जाए। उन्होंने नगर आयुक्त, एसडीएम और जिला पंचायतीराज अधिकारी को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों विशेषकर कंटेनमेंट जोन में नियमित सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में एनाउंसमेंट कर लोगों को कोविड गाइडलाइन के पालन के लिए जागरूक किया जाए। कोरोना संक्रमण की स्थिति सामान्य होने तक इसे प्रभावी रूप से पालन कराया जाए।
हरिद्वार सीमा से सटी शराब की दुकानें रही बंद
मुजफ्फरनगर और बिजनौर में सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए। इसके मद्देनजर हरिद्वार जिले की सीमा से सटी आठ किमी परिधि वाली शराब की दुकानें बंद रही। दो मई को चुनाव मतगणना है। उस दिन भी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। डीएम सी रविशंकर ने बताया कि मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिले के डीएम के आग्रह पर हरिद्वार सीमा से सटी शराब की दुकानें बंद कराई गईं।