फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार कुंभ मेला: तीन शाही स्नान का सीधा प्रसारण करेगा दूरदर्शन और डीडी उत्तराखंड

Mon, 12 Apr 2021 12:48 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
कुंभ - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

हरिद्वार में कुंभ महापर्व-2021 के तीन शाही स्नानों का दूरदर्शन नेशनल और डीडी उत्तराखंड चैनल पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। 12 अप्रैल, 14 और 27 अप्रैल के शाही स्नानों की प्रतिदिन सात घंटे हरिद्वार से सीधा प्रसारण होगा। इसके लिए दूरदर्शन और सूचना और लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड  के मध्य करार हुआ है। प्रसारण की लागत सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग उत्तराखंड और दूरदर्शन वहन करेगा। प्रसारण के लिए दूरदर्शन की टीम हरिद्वार पहुंच चुकी है और आवश्यक व्यवस्था जुटा रही है। दो दर्जन से भी अधिक कैमरों के साथ शाही स्नान के हर पल का दृश्य दूरदर्शन आप तक पहुंचाएगा।

विज्ञापन


दूरदर्शन कुंभ के शाही स्नान का आंखों देखा हाल प्रस्तुत करने के लिए विद्वतजनों का सहयोग ले रही है। हिंदी में कमेंट्री के लिए डॉ. देवी प्रसाद त्रिपाठी, कुलपति, उत्तराखंड संस्कृत विश्व विद्यालय, डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र (देहरादून), डॉ. शैलेश तिवारी, डॉ. शैलेन्द्र उनियाल(देवप्रयाग), आनंद श्रीवास्तव (दिल्ली), लक्ष्मी शंकर बाजपेयी(दिल्ली), शशि शर्मा और ब्रह्मचारी वागीश को आमंत्रित किया गया है। अंग्रेजी में विवरण के लिए प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल, कुलपति, दून विश्व विद्यालय, प्रोफेसर दाताराम पुरोहित और लोकेश अहोरी उपलब्ध रहेंगे।

महाकुंभ 2021: सोमवती अमावस्या पर सोमवार को दूसरा शाही स्नान, हरकी पैड़ी में सिर्फ संत लगाएंगे डुबकी
विज्ञापन


दूरदर्शन के कुंभ महापर्व के नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र थलेडी ने बताया कि 12, 14 और 27 अप्रैल को प्रात: 9 बजे से अपराह्न 4 बजे तक हरिद्वार से सीधा प्रसारण किया जाएगा, जो दूरदर्शन नेशनल और दूरदर्शन उत्तराखंड के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। इस सजीव प्रसारण को सफल बनाने के लिए दूरदर्शन के लगभग डेढ़ सौ प्रोड्यूसर, रिपोर्टर, एंकर, इंजीनियर, कैमरामैन और सपोर्टिंग स्टाफ हरिद्वार में तैनात है।

डॉ. थलेडी ने बताया कि इस मेगा इवेंट के सजीव प्रसारण के लिए दूरदर्शन की दो ओबी वैन और दो डीएसएनजी वैन हरिद्वार के विभिन्न स्थानों पर स्थापित हैं। इसी के साथ शाही स्नान में विभिन्न अखाड़ों की स्नान के लिए जाते हुए शोभायात्रा की कवरेज के लिए मार्ग पर दो दर्जन से भी अधिक कैमरे तैनात हैं। लगभग सात घंटे के सजीव प्रसारण के अंतर्गत कुंभ से जुड़े पहलुओं को सीधे दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही विभिन्न विद्वानों से कुंभ पर चर्चा भी की जाएगी।

विज्ञापन

प्रदेश सरकार का कड़ा इम्तिहान

महाकुंभ की अधिसूचना जारी होने के बाद सोमवार को पहले शाही स्नान पर सरकारी व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की कड़ी परीक्षा होगी। महाकुंभ को लेकर प्रदेश सरकार ने अभी तक दो तरफा रणनीति अख्तियार की हुई है। 

एक तरफ कुंभ को भव्य बनाने और किसी के आने में कोई रोक न होने की बात की जा रही है। केंद्रीय अधिकारी कुंभ के सुपर स्प्रेडर बन जाने की आशंका जताते हुए सख्त प्रतिबंध की पैरवी कर रहे हैं। अभी तक दो शाही स्नान हो चुके हैं और सोमवती अमावस्या के धार्मिक महत्व को देखते हुए स्थानार्थियों के भारी संख्या में जुटने का अनुमान है। इससे पहले के स्नान में 28 लाख लोग कुंभ पहुंचे थे। साफ है कि सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना भी तय है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन का दबाव मेला प्रशासन पर रहेगा। 

दूसरी ओर, कोरोना संक्रमण का ग्राफ प्रदेश में लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को भी 1333 मामले सामने आए और इसमें से सबसे अधिक मामले देहरादून और हरिद्वार के ही हैं। अभी हरिद्वार में कुछ और स्नान होने बाकी हैं और इस वजह से सोमवार के स्नान को टेस्ट रन के रूप में भी देखा जा रहा है। हरिद्वार कुंभ की अधिसूचना जारी होने के बाद यह पहला शाही स्नान है। ऐसे में एसओपी का पालन भी सरकारी विभागों को कराना होगा। एसओपी में आरटीपीसीआर टेस्ट की 72 घंटे की निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता है। ऐसे में सीमा पर रिपोर्ट जांच से लेकर कोविड की जांच की व्यवस्था में भी मेला प्रशासन को खासा पसीना बहाना होगा।

मुख्यमंत्री ने सोमवती अमावस्या की दी बधाई
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने भगवान शिव की आराधना की प्रतीक पुण्यदायी मौनी और सोमवती अमावस्या की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान गौरीशंकर के आशीर्वाद से सभी के जीवन में हमेशा सुख-शांति बनी रहे। कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने की दिशा में हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस पावन अवसर पर कुंभ में गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करें। हमने बॉर्डर पर आरटीपीसीआर की व्यवस्था करवाई है।

बाहर से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को टेस्टिंग के बाद ही स्नान के लिए आगे भेजा जा रहा है। कुंभ 12 साल में एक बार आता है इसलिए सभी श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही उन्होंने आग्रह है कि कोविड को लेकर केंद्र सरकार ने निर्धारित की गई गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन अवश्य करें।

शाही स्नानों के लिए पूरी व्यवस्था की जा चुकी है। मास्क, सेनेटाइजेशन किट आदि की पूरी व्यवस्था है और इसकी कोई कमी नहीं है। नियमों का पालन करते हुए प्रदेश सरकार की ओर से कुंभ को भव्य बनाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। 
-तीरथ सिंह रावत, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें