कोविड-19 के खतरे के बीच 24 अप्रैल की शाम महाकुंभ स्नान के लिए देव डोलियां शोभायात्रा के साथ हरिद्वार पहुंचेंगी। 25 अप्रैल को हरकी पैड़ी पर स्नान होगा। देव डोलियों की शोभायात्रा और कुंभ स्नान का दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण होगा।
शासन ने शोभायात्रा की अनुमति जारी कर दी है, लेकिन शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को महाकुंभ में कोरोना की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करना होगा। श्रद्धालु कोविड की आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट लाएंगे और वापस जाने पर एक सप्ताह होम आइसोलेट रहेंगे।
24 अप्रैल को पहाड़ से देव डोलियां स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचेंगी। करीब 200 देव डोलियां ऋषिकेश से शोभायात्रा के रूप में आएंगी। पहले शोभायात्रा में पांच हजार श्रद्धालुओं को आना था। कोविड संक्रमण के बढ़ते प्रसार के कारण कई श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
इसके बाद संस्कृति महानिदेशक डॉ. चौहान ने 19 अप्रैल को शोभायात्रा में तीन हजार लोगों के शामिल होने का जिक्र करते हुए आदेश जारी किया है।