कुमाऊं विश्वविद्यालय 14 सितंबर से होने वाली परीक्षाओं की तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने संबद्ध परिसरों, कॉलेजों और संस्थानों को कोरोना संक्रमण के चलते परीक्षाएं करने के संबंध में गाइडलाइन जारी कर दी है। परीक्षा में करीब 48 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।
Coronavirus in Uttarakhand : श्रीनगर गढ़वाल में मिले 57 कोरोना पॉजिटिव, दून मेडिकल अस्पताल में पांच मरीजों की मौत
कुमाऊं विश्वविद्यालय स्नातक, स्नातकोतर और वार्षिक पद्धति से आच्छादित स्नातक स्तर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष और स्नातकोतर स्तर पर द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं कराने जा रहा है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम भी अपनी वेबसाइट
https://www.kunainital.ac.in/ पर अपलोड कर दिया है।
कुलसचिव खेमराज भट्ट ने बताया कि तीन पालियों में परीक्षाएं कराई जानी हैं। एक पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षा कक्ष को सैनिटाइज कराया जाएगा। हर परीक्षार्थी के परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। भट्ट ने बताया कि पहले एक परीक्षा कक्ष में 60 छात्रों को बैठाया जाता था। इस बार एक कक्ष में 30 विद्यार्थियों की परीक्षा ही कराई जाएगी। परीक्षाएं 14 अक्तूबर तक होनी हैं।
यह है गाइड लाइन
- प्रवेश द्वार, परीक्षा कक्ष में सैनिटाइजर की व्यवस्था होनी चाहिए।
- कूड़ेदान को साफ और कवर किया जाना चाहिए।
- परिसर के स्टाफ और परीक्षार्थियों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की जानकारी दी जाए।
- प्रवेश और निकास द्वार पर भीड़ से बचें।
- छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग, फेस मास्क और हाथों की सफाई सुनिश्चित की जाए।
- दो छात्रों के बीच कम से कम दो मीटर की दूरी हो।
- पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।