क्षेत्र की एक महिला से पर्स छीनने का प्रयास करने और उसके साथ मारपीट की घटना से आक्रोशित महिला संगठनों के पदाधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया। कोतवाली का घेराव करते हुए कहा कि आरोपी हमलावर की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। महिलाओं ने पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा।
भाजपा महिला मोर्चा महानगर उपाध्यक्ष पुष्पा पडियार के नेतृत्व में लंढौर मलिंगार क्षेत्र की दर्जनों महिलाएं शहर कोतवाली पहुंची। पुष्पा पडियार ने कहा कि दो जुलाई को मलिंगार निवासी महिला से अज्ञात व्यक्ति ने पर्स छीनने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया। जिससे उसका एक दांत टूट गया और सिर पर चोट आई। कहा कि मसूरी में होटलों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाली कई महिलाओं को घर पहुंचते रात हो जाती हैं। कहा कि शहर के लंढौर, मलिंगार, कैमल बैक, नगर पालिका रोड, टिहरी बस अड्डे, बड़ा मोड, मोतीलाल नेहरु मार्ग, सिस्टर बाजार, लालटिब्बा, बालाहिसार क्षेत्र में असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं। इन इलाकों में लोग नशा कर सड़कों पर घूमते हैं। इनकी वजह से महिलाओं का रात्रि में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। घटना के बाद से कामकाजी महिलाओं में भय बना हुआ है।
एसएसआई गुमान सिंह नेगी ने कहा कि हमलावर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में रात्रि गश्त भी बढ़ा दी है। इस दौरान अनिता पुडींर, अनीता भंडारी, संजय, विजय बुटोला, राजेश सक्सेना, नरेन्द्र पडियार, मेघ सिंह कंडारी, महेश चंद्र, विनिता सेमवाल, पूजा लेखवार, ललिता शाह, मोहन भोटिया, शीला, माया सक्सेना, अमरावती नौटियाल, विजय बिंदवाल आदि मौजूद रहे।