रजनीश ने बताया कि उसने और अन्य श्रमिकों ने दोनों को छुड़ाया। सुमन अपनी कार के पास जाने लगे, तभी ऑपरेटर ने पोकलेन की बकेट (अगले हिस्से) से सुमन पर हमला कर दिया। सुमन जमीन पर गिर गए। प्रवीन ने बकेट से सुमन पर कई वार किए, जिससे सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रभारी थानाध्यक्ष सतपुली दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, उसकी तलाश की जा रही है। वहीं, सुमन की मौत से मां रेखा देवी, मूकबधिर पिता ताशकंद, पत्नी पूजा, पुत्र आरव (5) और छोटे भाई सुरेश समेत परिजन सदमे में हैं।
नृशंस हत्या से गुस्साए कांग्रेसियों ने हाईवे पर लगाया जाम
पोकलेन से कुचलकर युवक की हत्या किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया। इसी दौरान किसी ने सड़क पर खड़ी एक पोकलेन का शीशा पत्थर मार कर तोड़ दिया, जिससे तनाव की स्थिति हो गई। बाद में जाम में फंसे लोगों की गुहार पर प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए और प्रशासन को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग का ज्ञापन दिया। इस सनसनीखेज घटना के विरोध में सतपुली ब्लाॅक अध्यक्ष कीरत रावत के नेतृत्व में नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजन रौतेला, सभासद अम्मू रावत, निवर्तमान प्रधान गढ़कोट नरेंद्र रावत, अमन सिंह, चंद्रमोहन रावत के साथ सैकड़ों कांग्रेसियों ने सुबह 11:30 बजे घटनास्थल पर जाम लगा दिया। इस दौरान किसी अराजकतत्व ने सड़क पर खड़ी एक पोकलेन पर पत्थर मारकर शीशा फोड़ दिया। जिस पर वहां तनाव हो गया। बाद में जाम में फंसे लोगों की गुहार पर दोपहर 12:15 बजे कांग्रेसियों ने जाम खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने तक सड़क चौड़ीकरण रोकने की मांग के लिए एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा।
बेस अस्पताल कोटद्वार में पुलिस से उलझे परिजन
कोटद्वार पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव लेने बेस अस्पताल पहुंची, तो मृतक के परिजनों ने विरोध किया। उनका कहना था कि पुलिस पहले सुमन के साथी एवं घटना के प्रत्यक्षदर्शी रजनीश जुयाल को उनके सामने लाए और पोकलेन ऑपरेटर को गिरफ्तार करे। पुलिस पर उनकी अनदेखी का आरोप लगाते हुए गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर आंशिक रूप से हाईवे जाम किया। कोतवाल रमेश तनवार ने हत्यारोपी को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।