नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी भगत सिंह कोश्यारी ने गुरुवार से चुनावी प्रचार का विधिवत श्रीगणेश कर दिया।
कोश्यारी ने कहा कि जनता के सहयोग से वह रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे। दावेदारी के पैनल में नाम नहीं भेजे जाने से नाराज भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बच्ची सिंह रावत (बचदा) का जिक्र करते हुए कोश्यारी ने कहा कि परिवार में मनमुटाव चलता रहता है।
दूर होगी बचदा की नाराजगी
बचदा पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। पार्टी के लिए उन्होंने अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र से चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। उन्हें लेकर जहां तक बचदा की व्यक्तिगत नाराजगी है वो भी जल्द दूर हो जाएगी और वह नैनीताल संसदीय क्षेत्र में भी प्रचार में दिखेंगे।
भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नैनीताल संसदीय सीट से प्रत्याशी कोश्यारी ने कहा कि देशभर में भाजपा के पक्ष में माहौल है और नरेंद्र मोदी का डंका बज रहा है। नैनीताल सीट पर भाजपा रिकार्ड मतों से जीत दर्ज कर डेढ़ दशक बाद इतिहास रचेगी।
नहीं पूरी होती सबकी इच्छा
कोश्यारी ने बचदा और पार्टी के दूसरे नेताओं की दावेदारी के सवाल पर कहा कि हर किसी की महत्वाकांक्षा पूरी नहीं होती है। इसका मतलब यह नहीं कि उसकी नाराजगी दूर नहीं हो सकती है।
अल्मोड़ा तो बचदा का मायका
कोश्यारी ने कहा कि बचदा अल्मोड़ा से चार बार सांसद चुने गए हैं। एक बहू को जिस तरह अपने मायके से लगाव होता है उसी तरह बचदा को भी अल्मोड़ा से लगाव है। बचदा भी बहू की तरह कुछ दिनों के लिए नाराज होकर अपने मायके (अल्मोड़ा) चले गए हैं।
वह अल्मोड़ा में पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। नैनीताल क्षेत्र में भी जल्द ही पूरी टीम के साथ उनकी मौजूदगी नजर आएगी। कोश्यारी ने कहा कि उन्हें अपनी सीट पर जनता का पूरा सहयोग है। वह दिल्ली और उत्तरप्रदेश में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी प्रचार में जाएंगे।