किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के सभी लघु एवं सीमांत किसानों के सर्वे का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। कृषि, सहकारिता और राजस्व विभाग के सर्वे में एक लाख 9 हजार 940 किसान इस योजना के दायरे में हैं।
बृहस्पतिवार की पीएम मोदी की महारैली को देखते हुए प्रशासन की कोशिश थी कि सर्वे के इस काम को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। प्रदेश सरकार की योजना महारैली में पीएम की इस योजना को अधिक से अधिक प्रचारित करने की है। माना जा रहा है कि महारैली में पीएम का फोकस भी किसानों पर रहेगा। बुधवार को मीडिया से मुखातिब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने योजना के कसीदे गढ़कर इस का संकेत भी दिया। महौरली में प्रधानमंत्री किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए ब्याज रहित ऋण की घोषणा करेंगे।
यही वजह है कि विभिन्न विभागों के अधिकारी भी प्रधानमंत्री की ओर से 31 मार्च तक किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि योजना की पहली किस्त डालने की घोषणा को पूरा करने के प्रयास में जुटे हैं। जिले में दो हेक्टेयर से कम जोत वाले करीब 1.9 लाख किसान इस दायरे में आ रहे हैं। अब इन किसानों की पात्रता की भी जांच की जाएगी। इस योजना से जिले के किसानों के खातों में पहली किस्त के रूप में इसी माह 2000 रुपये पहुंचने की उम्मीद है। जिले में प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर लेखपाल, कृषि विभाग की टीम ने यह सर्वे किया है।