केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि पहाड़ के विकास की योजनाएं दिल्ली में बैठकर नहीं बनाई जा सकती। पहाड़ी राज्यों में जाकर और वहां की परिस्थितियों को देखकर योजनाएं बनाने से ही यहां दूरदराज के क्षेत्रों का विकास हो सकता है।
मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री रिजिजू ने कहा कि वे स्वयं अरुणाचल प्रदेश के हैं, जहां कि भौगोलिक परिस्थितियां उत्तराखंड जैसी ही है, अंतर सिर्फ इतना है कि अरुणाचल में हरियाली और वन अधिक हैं।
केंद्र की तरफ से कोई भेदभाव नहीं
उत्तराखंड में दैवी आपदाएं आती रहती हैं। आपदाओं को देखते हुए मोदी सरकार पहले ही राज्य सरकार को धनराशि दे चुकी है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को और मजबूत बनाना होगा। केंद्र सरकार विकास में कहीं भी भेदभाव नहीं कर रही है, चाहे राज्यों में किसी भी दल की सरकार हो।
डिजिटल और मेक इन इंडिया से भारत को नई पहचान मिली है। उन्होंने डीएम को निर्देश दिए कि बैंक अधिकारियों को जनधन योजना के तहत लोगों के खाते खुलवाएं।