किडनी कांड में सरगना डा. अमित की गिरफ्तारी के बाद रविवार रात पुलिस को दूसरी बड़ी कामयाबी मिल गई। गंगोत्री चैरिटेबिल अस्पताल के संचालक राजीव चौधरी को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस सोमवार को उसकी विधिवत गिरफ्तारी दर्शा सकती है।
इससे पहले पुलिस ने उसकी पत्नी अनुपमा समेत तीन लोगों को दिन में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस कांड में अब तक नौ लोगाें को गिरफ्तारी हो चुकी है। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर स्थित लालतप्पड़ में गंगोत्री चैरिटेबिल अस्पताल की आड़ में किडनी निकालने और ट्रांसप्लांट करने का काला धंधा डा. अमित ने बड़ौत के राजीव चौधरी के साथ ही मिलकर शुरू किया था।
राजीव चौधरी ने उत्तरांचल डेंटल कॉलेज प्रबंध तंत्र से जुलाई 2016 में कालेज परिसर में चैरिटेबिल अस्पताल चलाने का अनुबंध किया था। राजीव चौधरी ने कि डनी सौदागर से 14 साल पुरानी दोस्ती को निभाते हुए गुजरात से वांटेड डा. अमित को देहरादून जिले में छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराया था।